भारत के मध्य में स्थित मध्य प्रदेश दूसरा सबसे बड़ा राज्य है जो 3,08,000 वर्ग कि मी के क्षेत्र में फैला हुआ है। यह उत्तर में उत्तर प्रदेश, पूर्व में छत्तीसगढ़; पश्चिम में गुजरात और राजस्थान; तथा दक्षिण में महाराष्ट्र की सीमा से जुड़ा हुआ है। इसका नैसर्गिक सौन्दर्य सभी तरह की भौगोलिक संरचनाओं से परिपूर्ण है जो पहाड़ियों, मैदानों और पठारों से लेकर नदियों एवं हरे-भरे वनों से आच्छादित है। यहां प्राकृतिक संसाधनों जैसे कि कच्चा तांबा, चूना बाक्साइड, ग्रेनाइट आदि का विशाल भंडार हैं। यहां कई प्रकार की लकड़ी और वन उत्पादों जैसे कि तेंदू का पत्ता, महुआ, नीम आदि और असंख्य जड़ी-बूटियां भी प्रचुर मात्रा में पाई जाती हैं। यह राज्य हिन्दू-धर्म, बौद्ध धर्म, जैन धर्म और इस्लाम धर्म की सांस्कृतिक विरासत का गढ़ है। पूरा राज्य असंख्य स्मारकों, नक्काशी किए गए मंदिरों, स्तूपों, किलों और महलों से भरपूर है।
मध्य प्रदेश का स्थान देश में प्रमुख है और इसे भारत का हृदय कहा जाता है। राज्य में कई प्रसिद्ध सरकारी और निजी कम्पनियां कार्य कर रही है जिनका कार्य क्षेत्र भिन्न-भिन्न है जो सीमेंट उद्योग औषधियों (फार्मास्यूटिकल्स) तक फैला है। कुशल कार्यबल की निरन्तर आपूर्ति, कार्य की अनुकूल स्थितियों और एक व्यवहारिक सरकार ने राज्य को एक आकर्षक औद्योगिक विकल्प बना दिया है। राज्य ने औद्योगिक इकाइयों को अधिकृत विद्युत संयंत्र रखने की अनुमति भी प्रदान की है ताकि वे जरूरत के हिसाब से विद्युत का उत्पादन कर सकें। यह भारत के महानगरीय और अन्य बाजारों से लगभग समान दूरी पर जुड़ा है। इसलिए इस राज्य की एक संरचनात्मक केन्द्र और विशाल व्यावसायिक केन्द्र के रूप में विकसित होने की भरपूर गुंजाइश है।
इस राज्य की कई लाभप्रद विशेषताएं हैं जैसे कि :-
- व्यवहारिक प्रशासनिक तंत्र;
- निवेश की सरल एवं पारदर्शी प्रक्रियाएं;
- औद्योगिक कार्य के लिए शांत वातावरण;
- समृद्ध प्राकृतिक संसाधन आधार;
- शिक्षित एवं कुशल मानव संसाधन;
- एक विविध कृषि एवं औद्योगिक तंत्र;
- पूर्ण संयोजी सड़क, रेल और हवाई तंत्र;
- उत्कृष्ट दूर-संचार तंत्र;
- विश्व स्तरीय शापिंग माल;
- विशाल उपभोक्ता आधार, आदि।
मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य में निवेशकों को आकर्षित करने के लिए भी कई नीतिगत उपाय और प्रोत्साहन लागू किए हैं। इस कारण, मध्य प्रदेश राष्ट्र का सबसे पसंदीदा निवेश गंतव्य बनता जा रहा है जो लगभग सभी क्षेत्रों विशेष रूप से सूचना प्रौद्योगिकी (आई टी), पर्यटन और कृषि क्षेत्र में अवसर प्रदान कर रहा है।
^ ऊपर